12/08/2026
सिमरा में 13 अगस्त को लगेगा सोलर लोन मेला, डीएम रिची पांडे करेंगे उद्घाटन।
सीतामढ़ी : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले में बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13 अगस्त को सिमरा स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय परिसर में सोलर लोन मेला आयोजित किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पांडे करेंगे।
मेले में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को घर की छत पर सोलर सिस्टम लगवाने, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी एक ही स्थान पर दी जाएगी।
योजना के तहत 1 किलोवाट पर ₹30 हजार, 2 किलोवाट पर ₹60 हजार और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹78 हजार तक की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। स्वीकृति के बाद सब्सिडी की राशि लाभुक के बैंक खाते में भेजी जाती है।
इच्छुक उपभोक्ताओं को विभिन्न बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर सोलर सिस्टम के लिए ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मेले में सोलर कंपनियों, बैंकों तथा सीतामढ़ी और पुपरी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
पुपरी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मो. नवील अंसारी ने बताया कि जिले के किसी भी प्रखंड के इच्छुक घरेलू विद्युत उपभोक्ता मेले में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने के साथ सोलर सिस्टम के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की।