21/08/2026
छात्राओं संग भोजन कर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने परखी खाने की गुणवत्ता, बच्चों के उत्साह ने जीता दिल
महराजगंज:
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में उस समय माहौल बेहद खास हो गया, जब जिले के जिलाधिकारी (DM) अनुकरणीय पहल करते हुए निरीक्षण के दौरान सीधे छात्राओं के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्राओं के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया, खुद खाने की स्वाद व गुणवत्ता को परखा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भोजन करते हुए डीएम ने छात्राओं से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था, हॉस्टल सुविधाओं और उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, उनकी ज्ञानवर्धक बातें और भविष्य के प्रति उनकी आशावादिता देखकर वहां मौजूद सभी लोग अभिभूत नजर आए।
जिला प्रशासन की यह संवेदनशील पहल अत्यंत सराहनीय
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर किया गया यह निरीक्षण केवल कागजी प्रक्रिया नहीं, बल्कि व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बहुत ही सराहनीय कदम है। जब जिले के मुखिया खुद जमीन पर उतरकर बच्चों के साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं और उनकी समस्याएं सुनते हैं, तो इससे न केवल भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित होती है, बल्कि बच्चों में एक नया आत्मविश्वास भी पैदा होता है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) महराजगंज समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री कार्यालय, उत्तर प्रदेश सरकार और जिलाधिकारी की इस जमीनी व प्रेरणादायक कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की है।